भोपाल में मुस्लिम युवक से मारपीट मामले पर दुर्ग में विरोध, TNRAT ने सौंपा ज्ञापन | निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील

Social Activity BSP

दुर्ग (Social Activity BSP) | मध्यप्रदेश की राजधानी Bhopal में मुस्लिम युवक के साथ कथित मारपीट एवं धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भी विरोध स्वर मुखर होने लगे हैं। तहफ्फुज़-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट (TNRAT) एवं TNRAT विंग युवा मुस्लिम संगठन, दुर्ग द्वारा कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गौतम नगर में मुस्लिम युवक आरिफ खान के साथ कथित रूप से मारपीट, सार्वजनिक अपमान और धार्मिक टिप्पणियों की घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो एवं विभिन्न माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर संगठन ने आरोप लगाया कि युवक को “लव जिहाद” के नाम पर भीड़ द्वारा निशाना बनाया गया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वीडियो में कथित रूप से अल्लाह रब्बुल इज्जत की शान में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में रोष व्याप्त है।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई करना कानून और प्रशासन का अधिकार है, न कि भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेना। इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द, कानून व्यवस्था और संविधान की मूल भावना के खिलाफ हैं।

TNRAT एवं TNRAT विंग युवा मुस्लिम संगठन, दुर्ग ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज की जाए तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया। साथ ही सभी समुदायों से शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की गई।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post